ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। विश्व संवाद केंद्र, मेरठ के तत्वावधान में रविवार नौ मार्च को ग़ाज़ियाबाद की शिप्रा सनसिटी स्थित अतिथि बैंक्वेट हॉल में पत्रकार होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जहाँ कवियों ने होली की रचनाओं से मंत्रमुग्ध किया, वहीं विभिन्न समाचार और मीडिया के पत्रकारों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं। काव्य रचनाओं को सुनने के बाद सभी ने फूलों की होली खेली। ब्रज के रसिया, गीतों और मल्हारों पर होली का आनंद उठाया।
मंच का संचालन प्रसिद्ध हास्य कवि डॉ. जय प्रकाश मिश्र ने किया। मंच पर सुप्रसिद्ध गीतकार ममता लड़ीवाल, इंद्रजीत सुकुमार, ग़ज़लकार संजीव निगम, शृंगार रस के कवि दीपक दीप, गीतकार इंदु शर्मा, तारा जी, कवि दुर्गेश, आर. पी. शर्मा, डॉ. संजय प्रसून और हरिश्चंद्र सिंह 'हरीश' ने होली की रचनाओं और गीतों से सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
होली मिलन समारोह का आरंभ महर्षि नारद के चित्र के समक्ष डॉ. अनिल त्यागी, सुश्री साल्वी, आर. पी. शर्मा, विष्णु शर्मा एवं देवेंद्र द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 180 बंधु/भगिनी की सहभागिता रही, जिसमें विभिन्न मीडिया संस्थानों से लगभग 100 से अधिक पत्रकार, लेखक, कवि और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आदि शामिल हुए। के जी सुरेश, राम कृपाल सिंह, अनंत विजय, स्मिता मिश्रा, हर्ष वर्णवाल, विष्णु शर्मा, प्रखर श्रीवास्तव, एस पी सिंह जैसे शिक्षाविद व वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के समापन उद्बोधन में डॉ. अनिल त्यागी ने कहा कि यह विश्व संवाद केंद्र वर्ष में पत्रकारों एवं नागरिकों के साथ ऐसे ही विभिन्न कार्यक्रम और कार्यशालाएँ करता है, जिसमें सोशल मीडिया कार्यशाला, नागरिक पत्रकारिता कार्यशाला, पाठक सम्मेलन एवं साहित्य सम्मेलन शामिल हैं। साथ ही केंद्र से मासिक जागरण पत्रिका 'राष्ट्रदेव' भी निकाली जाती है, जो समाज के सभी वर्गों में लोकप्रिय है। भोजन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
इस अवसर पर केंद्र से अखिलेश, आशीष, करुण कपिल, अमित, सुरेंद्र, विवेक, राजेन्द्र एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Post A Comment: