सत्यम अग्रवाल बने ग़ाज़ियाबाद के जिलाध्यक्ष: - 

ग़ाज़ियाबाद : राहुल मौर्य। शनिवार 20 जुलाई को चिराग पासवान की पार्टी लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पदाधिकारियों द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा ने संगठन का विस्तार करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यापारी सत्यम अग्रवाल को गाजियाबाद का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। 

इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान कहते हैं कि कार्यकर्ताओं के बगैर कोई नेता कुछ नहीं होता है। आप लोग हैं तो हमलोग हैं। हम ये कल्पना करते हैं जब हमारे 5-6 नहीं बल्कि 60-70 सांसद हों, इसके लिए हमे काम करना है। 

उन्होंने कहा कि भारत में कभी नहीं हुआ कि एक सांसद वाली पार्टी को पांच सीटें मिलीं। हमने पीएम मोदी की झोली में सभी पांच सीटें दीं। सफलता के बाद विनम्रता भी जरूरी है। अपने पर गर्व करें पर अहंकार कतई न करें। जिसने अहंकार किया उसका पतन हमने देखा। सबने अपने कर्म का फल देखा है।


इस अवसर पर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो फैसला लिया है उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मिलकर जिले में संगठन की मजबूती के लिए कार्य करेंगे। 

इस अवसर पर एसके झा को प्रदेश सचिव, विजय कुमार कुशवाहा को महानगर अध्यक्ष गाजियाबाद एवं सुनील दत्त खजूरी को जिला अध्यक्ष मेरठ पद पर पुनः नियुक्त किया गया। 

इस अवसर पर मोहित मलिक, संजीव तेवतिया, विनोद त्यागी, विपिन बंसल, मयंक गुप्ता, सागर चौधरी, विजय कुमार कुशवाहा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल को फूल माला, पटका पहनाकर व फूलों का बुके देकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



Share To:

Post A Comment: