(फोटो साभार : tweeter)

नई दिल्ली: पुनीत माथुर। रूस द्वारा लगातार यूक्रेन पर बमबारी के बीच खारकीव में हुए हमले में मंगलवार को एक भारतीय छात्र की मौत की पुष्टि हुई है। मृतक नवीन कुमार  कर्नाटक के रहने वाले थे और यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।  

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, "बड़े दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खारकीव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। मृतक छात्र के बारे में जानकारी आई है कि वह बेंगलुरु का रहने वाला था।" 



अरिदमन बागची ने जानकारी दी है कि भारतीय विदेश सचिव रूस और यूक्रेन के राजदूतों से संपर्क में हैं। उनसे कहा गया है कि भारतीय छात्रों और नागरिकों की वापसी के लिए सुरक्षित रास्ता दिया जाए क्योंकि कई छात्र अभी खारकीव और अन्य शहरों में फंसे हुए हैं।

यूक्रेन में रूस के लगातार बढ़ते हमले के बाद हालात बिगड़ रहे हैं। इसके बाद यूक्रेन में फंसे भारतीयों के लिए सख्त एडवायजरी जारी की गई है। इसमें सभी नागरिकों और छात्रों से किसी भी हाल में आज ही कीव छोड़ने के लिए कहा गया है।



Share To:

Post A Comment: