साहिबाबाद। वीरवार को वैशाली साहिबाबाद में आयोजित सैल्यूट तिरंगा, राष्ट्रव्यापी राष्ट्रवादी संगठन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पधारे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के राष्ट्रीय संयोजक राजेंद्र फड़के का उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास और सबके विश्वास को लेकर आगे बढ़ रहा है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान भी सुदृढ़ समाज व नई सोच के भारत निर्माण में मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस अवसर पर बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ की प्रदेश संयोजक पूनम मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। 

पूर्व राज्य मंत्री एवं सैल्यूट तिरंगा के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश संरक्षक सच्चिदानंद पोखरियाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति का सबसे अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि आज अफगानिस्तान मे महिलाओं पर हो रहे तालिबानी अत्याचार को पूरा विश्व देख रहा है, दूसरी ओर भारत मां  की कोख से जन्म लेने वाली हर बेटी सौभाग्यशाली है  क्योंकि भारत की सनातन संस्कृति ने एक ही संदेश दिया है कि यत्र नारी पूज्यंते रमंते तत्र देवता। 

सैल्यूट तिरंगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र झा ने कहा कि आज भारत की बेटियां विश्व खेलों में कीर्तिमान स्थापित कर भारत का नाम रोशन कर रही हैं। सैल्यूट तिरंगा हर उस क्षेत्र में काम करेगा जो राष्ट्र गौरव को बढ़ाने व मानवता की सेवा के लिए आवश्यक है। 

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष प्रधान, राष्ट्रीय प्रवक्ता जी के पाठक, रंजना झा, प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार मान, भाजपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक जसवंत सिंह दरबार के अतिरिक्त डॉ वीणा कुमारी, सुषमा त्यागी, विनीता त्यागी आदि पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश व देश के विभिन्न राज्यों से आए संगठन के पदाधिकारियों को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।

Share To:

Post A Comment: