फ़ोटो साभार : दैनिक भास्कर 


नई दिल्लीः पुनीत माथुर। उत्तराखण्ड के चमोली में भारत चीन सीमा के पास स्थित नीती घाटी के सुमना क्षेत्र में आईटीबीपी की बटालियन की पोस्ट के पास ग्लेशियर टूट गया।  जिसके बाद यहां अफरा तफरी मच गई। ग्लेशियर टूटने से यहां बड़ी संख्या में लोग फंस गए, जिन्हें बचाने के लिए सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।  अब तक की सूचना के अनुसार सेना ने करीब 430 लोगों को बचा लिया है, जबकि 8 लोगों की मौत की सूचना मिल रही है। 

आर्मी प्रवक्ता के अनुसार अभी तक 8 शव हुए बरामद हुए हैं।  लगभग 425 से 430 लोगों के फंसे होने की आशंका है। लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है।  

सेना के अनुसार सुराई ठोटा से लेकर मलारी क्षेत्र में कई ग्लेशियरों के सड़क पर गिरने की जानकारी है।  2 शव सुबह 7:30 बजे बरामद किए गए, वहीं 9 से 10 के बीच 6 शव बर्फ से बाहर निकाले गए। सुमना में घायलों को जोशीमठ सेना के अस्पताल में वायुसेना के हेलिकॉप्टर से पहुंचाने की कोशिश हो रही है। 

ग्लेशियर जोशीमठ समुना इलाके में टूटा। यहां पर बीआरओ कैंप में लोग मौजूद थे, बर्फबारी के दौरान हुए हिमस्खलन ये लोग फंस गए, जिन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी किया गया। ये हिमस्खलन सुमना रिमखिम के पास शुक्रवार शाम चार बजे हुआ. बीते 5 दिनों से लगातार भारी बारिश और बर्फबारी हो रही है। 4 से 5 जगहों पर सड़क कट गई है। घटनास्थल के पास ही सेना और मजदूरों के कैंप हैं, जो सड़क बनाने के लिए वहां रहते हैं। 

घटना के बाद से उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।  सेना के अधिकारियों व सीएम के बीच मामले को लेकर वार्ता जारी है। सीएम ने ट्विटर पर लिखा है कि नीती घाट के सुमना में ग्लेशियर टूटने की सूचना मिली है। इस संबंध में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वे निरंतर जिला प्रशासन और बीआरओ के संपर्क में हैं। एनटीपीसी एवं अन्य परियोजनाओं में रात के समय काम रोकने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न होने पाए।

Share To:

Post A Comment: