नई दिल्लीः पुनीत माथुर। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के दौरान हिंसा की छुटपुट खबरें भी आ रही हैं। इस बीच डेबरा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारती घोष ने टीएमसी के 150 कार्यकर्ताओं पर उनके पोलिंग एजेंट को रोकने का आरोप लगाया, जिसे स्थानीय लोगों ने सिरे से खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया। उधर, टीएमसी ने आरोप लगाया है कि भाजपा मतदाताओं को पैसे बांट रही है।



डेबरा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार भारती घोष ने आरोप लगाया कि नौपारा में अंचल-1 के बूथ नंबर 22 पर टीएमसी के करीब 150 गुंडों ने मेरे पोलिंग एजेंट को घेर लिया और मतदान केंद्र पर नहीं जाने दिया। वहीं, बरुनिया में मतदाताओं को धमकाया जा रहा है। साथ ही, तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिह्न भी दिखाया जा रहा है।

डेबरा में पोलिंग बूथ पर विवाद की खबरें सामने आने के बाद सुरक्षाकर्मी मुस्तैद हो गए। इस बीच स्थानीय लोगों ने भारती घोष पर ही बाहर लोगों को बुलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम तो स्थानीय लोग हैं। हम शांतिभंग क्यों करेंगे। भाजपा प्रत्याशी ही बाहर से लोगों को लेकर आईं और अब मुद्दा बना रही हैं।

विवाद बढ़ता देखकर पुलिस ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस का दावा है कि मतदान केंद्र पर शांति व्यवस्था बरकरार है।

Share To:

Post A Comment: