नई दिल्ली : पुनीत माथुर। राज कपूर के सबसे छोटे बेटे और अभिनेता ऋषि कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का निधन हो गया है। 58 वर्षीय राजीव कपूर की मौत हार्ट अटैक के चलते हुई है। उनके निधन से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।  ऋषि कपूर के बाद राजीव कपूर की मौत कपूर खानदान के लिए एक बड़ा झटका है। 

अभिनेता राजीव कपूर को मंगलवार को हार्टअटैक हुआ। तुरंत उनके बड़े भाई रणधीर कपूर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने राजीव कपूर को मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई राजीव की मौत की पुष्टि करते हुए रणधीर कपूर ने कहा, मैंने अपने छोटे भाई को खो दिया है। 

राजीव का निधन हो गया है। डॉक्टरों ने अपनी ओर से हर संभव कोशिश की है, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सके।' रणधीर कपूर के अलावा नीतू सिंह ने भी सोशल मीडिया पर राजीव की एक तस्वीर शेयर करते ​हुए ​दुख जाहिर किया।

बता दें कि राजीव कपूर को आज भी उनकी सुपरहिट फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' के लिए याद किया जाता है। इस फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस  मंदाकिनी ने लीड रोल प्ले किया था। 

इसके अलावा वह 'एक जान हैं हम', 1984 में आई फिल्म 'आसमान', 'लवर ब्वॉय', 'जबरदस्त' और 'हम तो चले परदेस' में भी काम किया था। आखिरी बार वह 1990 में जिम्मेदार फिल्म में नजर आए थे। वहीं राजीव ने फिल्म 'प्रेम ग्रंथ' का डायरेक्शन किया था। इस फिल्म में उनके भाई ऋषि कपूर लीड रोल में थे।

Share To:

Post A Comment: