मुख्यमंत्री ने सोनू को अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन का स्मारक सिक्का और प्रयागराज कुम्भ की टेबल बुक की भेंट 

नई दिल्ली : पुनीत माथुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को उनके सरकारी आवास पर पार्श्व गायक सोनू निगम ने मुलाकात की।

भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने सोनू निगम को अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के भूमिपूजन का स्मारक सिक्का और प्रयागराज कुम्भ की कॉफी टेबल बुक भेंट की। सोनू निगम ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से शिष्टाचार भेंट की। योगी जी बहुत दूरदर्शी हैं और ऐसे लोगों का नेतृत्व अगर किसी प्रदेश या देश को मिलता है तो उसकी सराहना और सम्मान किया जाना चाहिए।

इससे पहले रविवार को सोनू निगम ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए थे। सोनू निगम ने राम मंदिर के लिए आर्थिक योगदान भी दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने राम मंदिर निर्माण में एक ईट रखने की इच्छा भी जताई। 

सोनू निगम ने कहा कि उनकी काफी दिनों से अयोध्या आने की इच्छा थी। वह ज्यादातर दुबई और मुम्बई में ही रहते हैं, इस बार ज्यादा समय तक मुम्बई में रहना हुआ तो अयोध्या आने का सौभाग्य प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि श्रीराम के दर्शन कर मन में अजीब सी शांति व आनंद का अनुभव हुआ है।

सोनू निगम ने कहा कि राम मंदिर निर्माण की कल्पना सदियों से अधूरी थी जो अब पूरी हो रही है। उन्होंने सभी भारतवासियों से अपील की कि वे राम मंदिर निर्माण में अपना सहयोग करें। सोनू निगम ने रामलला के लिए एक गाना भी बनाने की बात कही। 

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की और कहा कि वह स्वयं भी उनके प्रशंसक हैं। उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने को लेकर योगी सरकार के निर्णय पर सोनू निगम ने कहा कि बॉलीवुड का प्रधान केन्द्र तो मुम्बई ही है। लेकिन, यदि उत्तर प्रदेश में भी फिल्म की शूटिंग के रास्ते खुलेंगे तो यह और भी अच्छा होगा।

Share To:

Post A Comment: