नई दिल्ली : पुनीत माथुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बंगाल के दूसरे दौरे पर पहुँच चुके है. दुर्गापुर काजी नज़रुल इस्लाम एयरपोर्ट पर अध्यक्ष जेपी नड्डा का भव्य स्वागत किया गया है। दोपहर करीब एक बजे वह एयरपोर्ट पर उतरे जहां आसनसोल से सांसद और केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेंद्र सिंह आहलूवालिया समेत कई अन्य नेता मौजूद थे।

सबसे पहले उन्होंने बर्धमान में राधा गोविंद मंदिर में पूजा की। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। स्वामी विवेकानंद को नमन करने के बाद उन्होंने कहा कि जनसैलाब देखकर स्पष्ट है कि ममता का जाना तय है। बता दें कि आज जेपी नड्डा एक दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल में हैं और यहां एक मुट्ठी चावल अभियान की शुरुआत करेंगे। नड्डा इस अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी बंगाल में करीब 73 लाख किसानों से डोर-टू-डोर मुलाकात करेंगे। इस अभियान के तहत जेपी नड्डा किसानों के एक मुट्ठी चावल लेंगे और ये कार्यक्रम 24 जनवरी तक चलेगा। किसानों से लिए चावल से भारतीय जनता पार्टी 25-30 जनवरी तक कम्यूनिटी किचन चलाएगी। इसमें किसानों और गरीबों को खाना दिया जाएगा।

हवाई अड्डे पर विशेष विमान से उतरे जेपी नड्डा को अंग वस्त्र ओढ़ाकर भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। उसके बाद वह सड़क मार्ग से बर्दवान जिले में सभा को संबोधित करने के लिए रवाना हो गए। शनिवार को सारा दिन वह किसानों के साथ रहने वाले हैं। वह पांच किसानों के घर जाएंगे और एक एक मुट्ठी धान लेंगे। इसके बाद एक किसान के घर भोजन भी करेंगे। 

अंत में वह एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। सभा स्थल पर पहले से ही भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। सुरक्षा की लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी है।

इसके पहले दिसम्बर महीने की 10 तारीख को भी वह बंगाल में थे जहां दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र में उनके काफिले पर पथराव हुआ था। 

इस बार ऐसे किसी भी संभावित हमले से निपटने के लिए भाजपा ने पहले से ही तैयारी की है। पार्टी कार्यकर्ताओं का एक स्वयंसेवक समूह तैयार किया गया है जो किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में नड्डा समेत अन्य कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए काम करेंगे।

Share To:

Post A Comment: