नई दिल्ली : पुनीत माथुर। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए देशभर में चलने वाला निधि समर्पण अभियान का आज शुक्रवार को आगाज होगा। इस अभियान को लेकर उप्र की राजधानी समेत सभी जनपदों में रामभक्तों में काफी उत्साव है। इसकी औपचारिक शुरुआत आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सांय 5 बजे अपनी समर्पण राशि देकर राजभवन से शुभारम्भ करेंगे।

इस मौके पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव व विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रशान्त भाटिया समेत अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद प्रमुख लोगों की टोली पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आन्दोलन के नायक कल्याण सिंह के घर सायं 6 बजे पहुंचेगी, जहां वह अपनी समर्पण राशि इस टीम को भेंट करेंगे। सूत्रों की मानें तो संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसेबोले साध्वी दिव्या गिरी से मुलाकात के लिए मनकामेश्वर मंदिर पूर्वाह्न 11:30 बजे जायेंगे और उनसे भी समर्पण राशि लेंगे। इसके अलावा आज लखनऊ के 41 नगरों में निधि सर्मपण अभियान कार्यालय का उद्घाटन के साथ अभियान का शुभारम्भ होगा।



इस अभियान के शुरुआत होने से पहले ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने कहा है कि मकर संक्रान्ति अर्थात सूर्य देवता ने धनु राशि से नये घर मकर में प्रवेश किया। सूर्य देवता अब उत्तरायण मार्ग पर चलेंगे। अधिक ऊर्जा का काल प्रारम्भ होगा। यह पर्व आपकों ऊर्जावान करें। आप घर-घर जायें, श्री रामजन्मभूमि मंदिर के लिये समाज को प्रेेरित करें। समाज का समर्पण स्वीकार करें। यही कामना करता हूं। सभी को राम-राम!

उन्होंने इसी के साथ एक फोटो भी शेयर किया है। जिस पर प्रभु श्रीराम व लक्ष्मण धनुष बाण लिये हुए हैं और साथ में सीता मईया खड़ी हैं। इनके पीछे श्रीराम मंदिर का माॅडल है, जिसके ऊपर लिखा है ‘श्रीराम मंदिर निर्माण धन संग्रह टोली आपके घर आएगी, आप अपनी इच्छानुसार श्रीराम मंदिर निर्माण में सहयोग करें।’

अवध प्रान्त के सह प्रभारी प्रशान्त भाटिया ने बताया कि भारत ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा निधि अभियान आज से शुरू हो रहा है। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी, विश्व हिन्दू परिषद तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पूरी तैयारी की जा चुकी है।

Share To:

Post A Comment: