नई दिल्ली : पुनीत माथुर। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में महिला थानाध्यक्ष ने चार साल से परेशान दो प्यार करने वालों की थाने में ही शादी करवा दी। दूल्हा-दुल्हन तो खुश हो गए, लेकिन थानाध्यक्ष को थाने में शादी करवाना महंगा पड़ गया। 

शादी में कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं करने पर महिला थानाध्यक्ष, दूल्हा व दुल्हन सहित 15 लोगों का चालान कर दिया गया। 500 रुपए थानाध्यक्ष और एक हजार रुपए वर-वधू पक्ष से जुर्माना भी वसूला गया।

चंदौली जिले की मुगलसराय थानाक्षेत्र के गोधना गांव के रहने वाले एक युवक को दुलहीपुर क्षेत्र की रहने वाली महिला से प्यार हो गया। महिला युवक से उम्र में बड़ी है और शादीशुदा भी है। चार साल से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। इस बात की जानकारी जब युवक और महिला के घरवालों को हुई तो दोनों के परिवारों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ। लेकिन युवक और महिला के इरादे कमजोर नहीं पड़े। युवक अपनी प्रेमिका  को छोड़ने के लिए राजी नहीं था।

आखिरकार प्रेमी प्रेमिका अलीनगर थाने में महिला थानाध्यक्ष शशि सिंह के पास पहुंचे और अपनी परेशानी बताई। इसके बाद शशि सिंह ने दोनों के परिवारवालों को थाने बुलाया। यहां दोनों के परिवारों को राजी करने के बाद महिला थानाध्यक्ष शशि सिंह ने थाने में ही प्रेमी प्रेमिका की शादी करवा दी। थाने में बने मंदिर में ही वर और वधु ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान दोनों की पक्ष के लोग और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। 

थाने में शादी के दौरान सोशल डिस्टेंसिग का ध्यान नहीं रखा गया। अलीनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने शादी में कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं करने पर महिला थानाध्यक्ष, दूल्हा व दुल्हन सहित 15 लोगों का चालान कर दिया गया। 500 रुपए थानाध्यक्ष और एक हजार रुपए वर-वधू पक्ष से जुर्माना भी वसूला गया।

Share To:

Post A Comment: