नई दिल्ली : पुनीत माथुर । सिम्बा के बाद एक बार फिर रोह‍ित शेट्टी और रणवीर सिंह की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर धूम मचाने की तैयारी कर रही है। रोह‍ित शेट्टी ने रणवीर सिंह के साथ नई फिल्म ‘सर्कस’ का ऐलान कर दिया है। इस फिल्म में रणवीर ​पहली बार डबल रोल में नजर आएंगे।

फिल्म में रणवीर स‍िंह के साथ जैकलीन फर्नांड‍िस, पूजा हेगड़े और वरुण शर्मा हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई, ऊटी और गोवा में होगी। रोहित शेट्टी द्वार निर्देशित यह फिल्म 2021 में रिलीज होगी।

यह जानकारी फिल्म एंड ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोमवार को दी। तरण आदर्श ने ट्विटर पर दो तस्वीर शेयर कर लिखा-‘बड़ी खबर… रणवीर सिंह और निर्देशक रोहित शेट्टी ने एक बार फिर टीम बनाई। फिल्म का शीर्षक ‘सर्कस’ है, रोहित ने द कॉमेडी ऑफ एरर्स से लिया। फिल्म में पूजा हेगड़े, जैकलीन फर्नांडीज और वरुण शर्मा हैं। रोहित शेट्टी द्वारा निर्मित-निर्देशित इस फिल्म को भूषण कुमार और रिलायंस एंटरटेनमेंट प्रस्तुत करेगा।’

तस्वीर में रणवीर सिंह रोहित शेट्टी और भूषण कुमार संग स्टाइलिश अंदाज में पोज देते नजर आ रहे हैं। तरण आदर्श ने अगला ट्वीट किया-‘रोहित शेट्टी-भूषण कुमार का सहयोग..सर्कस के लिए रोहित शेट्टी और भूषण कुमार पहली बार सहभागिता कर रहे हैं, जिसमें अभिनेता रणवीर सिंह पहली बार डबल रोल में होंगे। इस फिल्म को मुंबई, ऊटी और गोवा में शूट किया जाएगा।’

कॉमेडी फिल्म ‘सर्कस’ का निर्माण टी-सीरीज के भूषण कुमार और रोहित शेट्टी करेंगे और रिलायंस एंटरटेनमेंट द्वारा इसे प्रस्तुत किया जाएगा। यह फिल्म विलियम शेक्सपीयर के पॉपुलर नाटक ‘द कॉमेडी ऑफ एरर्स’ पर आधारित है। इससे पहले फ‍िल्‍म ‘अंगूर’ भी इसी नाटक पर बनाई गई थी। फ‍िल्‍म में संजीव कुमार और देवेन वर्मा लीड रोल में थे और इसका निर्देशन गुलजार ने क‍िया था। यह फ‍िल्‍म 1982 में र‍िलीज हुई थी।

Share To:

Post A Comment: