नई दिल्ली : पुनीत माथुर। आज (गुरुवार को) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पार्टी के कई नेता गैंगरेप पीड़ित के परिजनों से मिलने के लिए हाथरस रवाना हुए हैं।

दोनों के हाथरस पहुंचने से माहौल बिगड़ने का डर बताकर राहुल और प्रियंका गांधी के काफिले को यमुना एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया गया है, जिसके बाद दोनों नेता पैदल ही आगे बढ़ रहे हैं। ग्रेटर नोएडा से हाथरस तक की दूरी लगभग 142 किलोमीटर है। 

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार राहुल गांधी और प्रियंका को रोकने की कोशिश कर रही है लेकिन हम रुकने वाले नहीं है। उन्होंने सवाल किया, ”यूपी सरकार अपराधियों को रोकने के बजाय राहुल और प्रियंका गांधी को रोकने की कोशिश क्यों रही है ? आखिर कौन सा ऐसा सच है जिसे छुपाने के लिए सरकार पुलिस-प्रशासन का जोर चला रही है।”

सुरजेवाला ने हाथरस मामले में देर रात अंतिम संस्कार करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या रात में कोई अंतिम संस्कार करता है? हिंदू रीति-रिवाज में रात के समय अंतिम संस्कार नहीं होता है। इस पीड़ित परिवार के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया, क्या इसलिए कि वो गरीब हैं और दलित हैं।’
Share To:

Post A Comment: