नई दिल्ली। त्योहारी सीजन दशहरा और दिवाली से पहले देशभर के बाजारों में सब्जियों के दाम लगातार आसमाने छू रहे हैं। राजधानी दिल्ली में प्याज का खुदरा भाव 80 रुपए प्रति किलो है। मुंबई में प्याज एक दिन 100 रुपये प्रति किलो और चेन्नई में 73 रुपए प्रति किलो तक बिका।
सब्जियों का राजा आलू भी हाफ सेंचुरी की दौर में शामिल हो गया है। वैसे हरी सब्जियां भी काफी महँगी हो गयी है। लोगों को इस महंगाई में सब्जी खरीद पाना मुश्किल हो गया है। दिल्ली में आलू का खुदरा भाव 40-45 रुपए प्रति किलो है।
एशिया के सबसे बड़ी आजादपुर मंडी में शुक्रवार को प्याज का थोक भाव 60-65 रुपए प्रति किलो रहा।
देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव में गांव में प्याज का थोक भाव एक दिन पहले 80 रुपए प्रति किलो के पार चला गया था। प्याज की बढ़ती कीमत की वजह सप्लाई में कमी और बेमौसम बारिश की वजह से फसल का खराब होना है।
दरअसल कर्नाटक, आंध्र, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से इस समय खरीफ के प्याज की उपज बाजार में आती है। लेकिन, इन सभी राज्यों में भारी बारिश की वजह से 50 फीसदी फसल खराब हो गई। इसके साथ ही बारिश ने महाराष्ट्र और नासिक में प्याज के पुराने स्टाक की क्वालिटी पर भी असर डाला है।
हालांकि त्योहारी सीजन में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने दो दिन पहले ही आयात के नियमों में ढील दी है। इसके साथ ही कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए बफर स्टॉक से ज्यादा प्याज की बाजार में आपूर्ति करने का भी फैसला किया है।
Post A Comment: