नई दिल्ली : पुनीत कृष्णा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार की रात 34 सवारियों से भरी बस को हाईजेक करने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच गुरुवार तड़के मुठभेड़ हो गई है। जिसमें मास्टरमाइंड प्रदीप गुप्ता पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। जबकि एक बदमाश मौके से फरार हो गया। 

पुलिस ने घायल प्रदीप गुप्ता को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम बदमाश से पूछताछ में जुटी है। साथ ही बाकी बदमाशों की तलाश जारी है।

गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे फतेहाबाद के भलोखरा चौराहा पर प्रदीप गुप्ता अपने साथी यतेंद्र यादव के बाइक पर जा रहा था। वह पुलिस से बचने के लिए आगरा से बाहर जाना चाहता था।  क्राइम ब्रांच, एसओजी और कई थानों के पुलिस फोर्स ने उसकी घेराबंदी कर ली। आरोपित की ओर से पुलिस पर फायरिंग की गई। मुठभेड़ में प्रदीप के दाहिने पैर में गोली लगी। 

इसके बाद बाइक से वह गिर पड़ा। उसका साथी मौके से भाग गया। मौके से चोरी की बाइक और तमंचा कारतूस बरामद हुए हैं। एसएसपी बबलू कुमार मौके पर पहुंच गए। घायल बदमाश को एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में भर्ती करा दिया। मुठभेड़ में स्वाट टीम का सिपाही सुदर्शन भी घायल हुआ है।

प्रदीप ने पुलिस को बताया कि वह बस मालिक अशोक अरोड़ा को कई साल से जानता था। उनकी सभी बसों का टैक्स जमा किया करता था। उसे अपने 65 लाख रुपये चाहिए थे। तगादा भी किया था। मालिक की मौत हो गई। 


उसने मंगलवार को बस को पहले सैंया टोल पर पकड़ने का प्रयास किया था। बस गुरुग्राम चली गई। वह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा।

उसने सोचा कि आगरा में बस को कब्जा कर लेगा। आगरा तक बस के पीछे आया। दक्षिणी बाईपास पर फाइनेंस कर्मी बनकर बस का अपहरण कर लिया। सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर आगे तक भेज दिया। 

बस को इटावा में खड़ा करा दिया था। बाद में उसे जानकारी हुई कि मामला बहुत ऊपर तक पहुंच गया है। पुलिस उसके पीछे लगी है। इसलिए छिप गया था।

बता दें कि मंगलवार सुबह 3 बजे गुरुग्राम से झांसी के मऊरानीपुर, छतरपुर, पन्ना के लिए 34 यात्रियों को लेकर एक प्राइवेट बस निकली थी। बस जैसे ही आगरा के दक्षिणी बाईपास के आगे पहुंची, तभी बस को कुछ लोगों ने ओवरटेक किया और बताया कि गाड़ी पर फाइनेंस है और किश्त समय से नहीं दिया जा रहा है। कार सवार लोगों ने कहा कि हम बस को ले जा रहे हैं। 

इन लोगों ने ड्राइवर और कंडक्टर को अपने साथ जाइलो में बैठा लिया और कार में सवार एक शख्स बस को चलाकर ले जाने लगा। बस में सवार यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं थी। बाद में बस के यात्रियों को उतारकर दूसरी गाड़ी से झांसी भेज दिया गया।

कल ही अगवा की गई बस को इटावा से बरामद कर लिया गया था। इसके साथ ही बदमाशों की तलाश शुरू हो गई थी। आज सुबह फतेहाबाद में कुछ बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश को गोली लगी है. बाकी बदमाशों की तलाश जारी है।
Share To:

Post A Comment: