नई दिल्ली : पुनीत कृष्णा। उत्तर प्रदेश में अनलॉक-2 के दौरान लोगों द्वारा कोरोना से बचाव को लेकर लापरवाही बरतने और नियमों का पालन नहीं करने के कारण संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे बेहद गम्भीरता से लिया है। सरकार ने मॉस्क न पहनने पर जुर्माना राशि 500 रुपए कर दी है। इसकी अधिसूचना जल्द ही जारी कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अनावश्यक आवागमन को रोकने तथा मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर सार्वजनिक स्थान पर कोई बगैर मास्क लगाए मिले तो उस पर जुर्माना राशि में बढ़ोत्तरी की जा सकती है। 

अब पहली बार में ही नियमों के उल्लंघन पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद जितनी बार व्यक्ति बिना मास्क पहने मिलता है, प्रत्येक बार 500 रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा।

अभी तक पहली बार में 100 रुपये का जुर्माना वसूला जाता है। इस सम्बन्ध में दो-तीन दिन में अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

बता दें कि पुलिस पिछले दो माह के दौरान मास्क न पहनने वाले 17 हजार लोगों से जुर्माना वसूल चुकी है। वहीं कई लोग मास्क जेब में रखे रहते हैं या इस तरह से चेहरे पर लगाते हैं कि पुलिस को देखते ही उसे पहन लिया जाए। ऐसे करीब 15 हजार लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा भी गया है।
Share To:

Post A Comment: