नई दिल्ली : पुनीता कृष्णा। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मुंबई में बांद्रा स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सुशांत सिंह ने क्यों आत्महत्या की इसके पीछे अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। सूत्रों की मानें तो सुशांत पिछले कई महीनों से डिप्रेशन में चल रहे थे।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं सुशांत की मौत से न सिर्फ फिल्म जगत बल्कि राजनीतिक जगत भी शोक में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने सुशांत की मौत पर दुख जताया है।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "सुशांत सिंह राजपूत… एक प्रतिभाशाली युवा अभिनेता बहुत जल्दी छोड़कर चले गए। उनके अभिनय ने कई लोगों को प्रेरित किया, कई यादगार परफॉर्मेंस वो अपने पीछे छोड़ गए हैं। उनके निधन से स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं परिवार और फैन के साथ हैं।"

राजनाथ सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, ”हिंदी फ़िल्मों के युवा कलाकार सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उनकी अभिनय क्षमता, प्रतिभा और कौशल के लोग क़ायल था। उनका यूं चले जाना पीड़ादायक है और यह फ़िल्मजगत के लिए एक बड़ा नुक़सान है। ईश्वर उनके परिवार एवं प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।"

वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, ”मेरे पास शब्द नहीं हैं, समझ नहीं आ रहा है कि आपने क्यों इस तरह से किया। एक उज्ज्वल युवा बच्चे के तौर पर जो बालाजी के लिए आया था एक सितारा बना जिसने पूरे राष्ट्र को अपना कायल बनाया। तुमने एक लंबा सफर तय किया था और अभी कई और मील की दूरी पर जाना था। तुम भी जल्द ही चले गए। सुशांत सिंह राजपूत तुम्हारी याद आएगी।"
Share To:

Post A Comment: