नई दिल्ली : पुनीत कृष्णा। सुशांत की मौत जहाँ प्रशंसकों के लिए एक बड़ा झटका है वहीं उनके परिवार के लिए यह कभी ना भरने वाला गम है। परिवार का कहना है कि सुशांत की मौत की खबर का सदमा उनकी चचेरी भाभी सहन ना कर सकी और सोमवार शाम बदहवासी की हालत में उन्‍होंने भी दम तोड़ दिया।

परिजन का कहना है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत का गम उनकी चचेरी भाभी सुधा देवी बर्दाश्त नहीं कर पाईं। इस सदमे में सोमवार दोपहर में उनकी मौत हो गई। सुशांत की मौत की खबर मिलते ही रविवार से उन्होंने खाना-पीना त्याग दिया था। वह सुशांत सिंह के चचेरे भाई अमरेंद सिंह की पत्नी थीं।

परिजनों ने बताया कि बीते कुछ समय से वह बीमार थीं। रविवार को जैसे ही सुशांत राजपूत की मौत की खबर आई, उसके बाद से वह बार-बार बेहोश हो जाती थीं। सोमवार शाम करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

बिहार के पूर्णिया स्थित उनके पैतृक गांव मलडीहा तथा पटना के राजीव नजर इलाके में लोगों काे गम में रोते हुए भी देखा जा रहा है। इन दोनों जगहों से सुशांत के बचपन की यादें जुड़ीं हैं। उनके खगडि़या स्थित ननिहाल में भी मातम का माहौल है।

सुशांत की मौत की खबर मिलने के बाद पटना में रहने वाले उनके पिता के.के. सिंह गहरे सदमे में चले गए तो पूर्णिया के पैतृक गांव में चचेरी भाभी सुधा देवी भी अवाक रह गईं।

सुशांत की मौत की खबर सुनकर बीते कुछ समय से बीमार चल रहीं सुधा देवी की हालत बिगड़ गई। सदमें में वे बार-बार बेहोश होने लगीं। स्‍वजनों ने उन्हें सांत्‍वना दी तथा चिकित्सक को भी दिखाया, लेकिन उन पर कोई असर नहीं पड़ा। होश में आते ही वे सुशांत के बारे में पूछतीं कि वह ठीक है कि नहीं। फिर, घर पर जब लोगों की भीड़ देखतीं तो बेहोश हो जातीं थीं।
Share To:

Post A Comment: