वसंत रायजी के 100वें  जन्मदिन पर सचिन तेंदुलकर और स्टीव वॉ
नई दिल्ली : पुनीत कृष्णा। दुनिया के सबसे उम्रदराज फर्स्ट क्लास क्रिकेटर वसंत रायजी का आज सुबह मुंबई में निधन हो गया। वे 100 साल के थे। उनका अंतिम संस्कार दक्षिण मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान में होगा।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सहित तमाम क्रिकेटर्स ने उनके निधन पर दुख जताया है।

इस साल 7 मार्च को इंग्लैंड काउंटी टीम हैम्पशर के जॉन मैनर्स की मृत्यु के बाद वे दुनिया के सबसे उम्रदराज फर्स्ट क्लास क्रिकेटर हो गए थे। मैनर्स की 106 साल की उम्र में मौत हुई थी।

फरवरी 2016 में बीके गरुड़ाछर की मौत के बाद रायजी भारत के सबसे उम्रदराज फर्स्ट क्लास क्रिकेटर बने थे।

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 40 के दशक में 9 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 277 रन बनाए थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 68 था।

रायजी ने 1939 में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के लिए डेब्यू किया था। इसके दो साल बाद उन्होंने मुंबई की तरफ सेवेस्टर्न इंडिया के खिलाफ पहला मैच खेला। तब विजय मर्चेंट टीम के कप्तान थे।

रायजी क्रिकेट इतिहासकार होने के साथ ही चार्टर्ड अकाउंटेंट भी थे।

इस साल 26 जनवरी को उन्होंने अपना 100वां जन्मदिन मनाया था। इस मौके पर सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ केक लेकर उनके घर गए थे। इस मुलाकात के बाद सचिन ने ट्वीट किया था, ‘‘आपको 100वें जन्मदिन की शुभकामना। स्टीव और मैंने आपके साथ शानदार समय बिताया। आपसे क्रिकेट की पुरानी कहानियां सुनकर बहुत मजा आया। क्रिकेट का अनमोल खजाना हम तक पहुंचाने के लिए आपका शुक्रिया।’’
Share To:

Post A Comment: